कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, सरकार पर बोला हमला-
बेमेतरा – 04 सितंबर 2026
“जनता की आवाज ही कांग्रेस की आवाज है। जब तक आमजन को महंगाई से राहत नहीं मिलेगी, कांग्रेस की आवाज और संघर्ष दोनों बुलंद होते रहेंगे।”
बढ़ती महंगाई और आम जनता की बिगड़ती रसोई के मुद्दे को लेकर बेमेतरा में जिला कांग्रेस कमेटी ने एक दिवसीय ‘चीनी सत्याग्रह’ कर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर नगर बेमेतरा स्थित राम मंदिर प्रांगण, गांधी मैदान में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर जमकर नारेबाजी की और सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। बढ़ते घरेलू खर्च के कारण आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है और रसोई का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार भले ही विकास और राहत के बड़े दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
छाबड़ा ने कहा कि ‘चीनी सत्याग्रह’ केवल सांकेतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि आम जनता की पीड़ा और आक्रोश की आवाज है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
कांग्रेस ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाने और सरकार की नीतियों पर सवाल करने का उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन में मंगत साहू, दिनेश पटेल, सुरित ध्रुव, रश्मि मिश्रा, मिथलेश वर्मा, ईश्वर वर्मा, सुशीला जोशी, बालकुमारी ध्रुव, सुमन गोस्वामी, विजय बघेल, लुकेश वर्मा, मोंटू तिवारी, निलेश ठाकुर, मोहित वर्मा, मनोज शर्मा, शेख शरीफ कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Advertisement -
- Advertisement -