ईट भट्ठे पर भड़का विवाद- मजाक बना जानलेवा — फावड़े से सिर पर वार, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा/छत्तीसगढ़ – 29 जून 2026
मजाक में हुई कहासुनी जानलेवा हमले में बदल गई जब बेरा गांव में एक युवक ने अपने ही परिचित के सिर पर लोहे का फावड़ा दे मारा। खण्डसरा पुलिस चौकी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी दीपक चन्द्राकर को 29 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घटना 4 जून 2026 की शाम की है। बेरा निवासी कोमल चन्द्राकर को उनके गांव के ही विजय सेवैया का फोन आया कि उनके भतीजे देवा चन्द्राकर और गांव के दीपक चन्द्राकर ईट भट्ठा डीह तालाब रोड के पास आपस में मजाक कर रहे थे।
इसी दौरान बात बिगड़ी और दीपक चन्द्राकर ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास में रखा लोहे का फावड़ा उठाकर देवा चन्द्राकर के सिर पर दे मारा। सिर से खून बहने लगा और घायल को तत्काल एसआरएस अस्पताल बेमेतरा ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही कोमल चन्द्राकर अपने परिजनों के साथ बेमेतरा पहुँचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रारंभ में धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। विवेचना में हत्या की नियत स्पष्ट होने पर धारा 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने तत्काल सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खण्डसरा सहायक उप निरीक्षक कंवल नेताम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आरोपी दीपक चन्द्राकर (27 वर्ष) पुत्र दौवाराम चन्द्राकर, निवासी बेरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी कंवल नेताम के साथ प्रधान आरक्षक खेमू वर्मा, आरक्षक ऐश्वर्य सिन्हा, चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, सुरेश कुमार नारंगे एवं शशांक शर्मा सहित चौकी के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
- Advertisement -
- Advertisement -