नीट यूजी परीक्षा मामले में अब तक क्या-क्या हुआ? जानिए बड़े खुलासे और कार्रवाई
डिजिटल डेस्क | 23 मई 2026
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ या कहे सिस्टम की घोर लापरवाही जिस कारण देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 इस समय बड़े विवादों में घिरी हुई है। पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। मामले की जांच अब केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंच चुकी है और लगातार नए खुलासे हो रहे हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका के चलते यह फैसला लिया गया। केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दी है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर कथित प्रश्नपत्र वायरल हुआ था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वायरल “गेस पेपर” के 100 से ज्यादा सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे।
अब तक इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हाल ही में पुणे की एक महिला लेक्चरर और स्कूल हेडमिस्ट्रेस को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वही फिजिक्स पेपर लीक की मुख्य कड़ी हो सकती हैं। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 तक पहुंच गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि राजस्थान के सीकर समेत कई राज्यों में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अभिभावकों ने लाखों रुपये देकर कथित लीक पेपर हासिल करने की कोशिश की।
विवाद बढ़ने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NTA में बड़े सुधारों और “फूलप्रूफ” दोबारा परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं कई छात्र संगठनों और मेडिकल संस्थाओं ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठाई है।
इस पूरे विवाद के कारण करीब 22 लाख से ज्यादा छात्रों का भविष्य फिलहाल अनिश्चितता में है। छात्र अब नई परीक्षा तिथि और आगे की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।खबर मीडिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित।
- Advertisement -
- Advertisement -