रायपुर -20/04/2026
रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में चारागाह की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की आशंका के बीच पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने मौके पर मजदूरों को पेड़ काटते हुए रंगे हाथों पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में स्थानीय निवासी मजदूरों का जमकर विरोध करते नजर आए।
मजदूरों ने ठेकेदार के माध्यम से यह खुलासा किया कि पेड़ की कटाई भाजपा पार्षद रवि सोनकर के निर्देश पर की जा रही थी। इस आरोप के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में हंगामा मच गया और मामला राजनीतिक रूप लेने लगा। हालांकि पार्षद की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर मीनल चौबे ने स्वयं संज्ञान लिया और जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ब्रम्हा सोनकर ने इस पूरे मामले को अवैध प्लाटिंग से जोड़ते हुए इसे एक बड़ा भू-माफिया घोटाला करार दिया है। उनका आरोप है कि चारागाह की जमीन को अवैध रूप से प्लाट में बदलने की साजिश के तहत पेड़ काटे जा रहे थे। फिलहाल भाठागांव में जांच जारी है और मामले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
भाठागांव चारागाह विवाद: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और पेड़ कटाई का मामला


