32.8 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

एलपीजी अनियमितताओं पर 10 डिस्ट्रीब्यूटर सस्पेंड: HPCL का सख्त एक्शन

Must read

नई दिल्ली,डिजिटल डेस्क _3 अप्रैल 2026।

एलपीजी वितरण में पारदर्शिता और उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देते हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने एलपीजी से जुड़ी अनियमितताओं में लिप्त पाए गए 10 डिस्ट्रीब्यूटरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई के साथ HPCL ने एक बार फिर अपनी ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए साफ किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि जांच के दौरान जिन डिस्ट्रीब्यूटरों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

HPCL के अनुसार, जवाबदेही तय करना और समय पर कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि वितरण प्रणाली में भरोसा बना रहे।यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब केंद्र सरकार भी एलपीजी की उपलब्धता और वितरण को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने हाल ही में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिए हैं कि वे एलपीजी से जुड़ी अफवाहों और गलत सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। कुछ क्षेत्रों में फर्जी खबरों के कारण घबराहट में खरीदारी और जमाखोरी की स्थिति भी सामने आई है, जिससे सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।

मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वे नियमित प्रेस ब्रीफिंग के जरिए सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं, ताकि लोगों को यह भरोसा दिलाया जा सके कि एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। साथ ही, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

HPCL ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सेवा देना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article