रायपुर_03/02/2026
राजधानी के कटोरा तालाब इलाके में स्थित डिवाइन कैफे को किराए पर लेकर आयोजित की जा रही कथित चंगाई सभा उस समय विवाद का केंद्र बन गई, जब धर्मांतरण और हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के आरोप लगे। इस मामले को लेकर मौके पर जमकर हंगामा हुआ और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मीडिया जानकारी के मुताबिक, डिवाइन कैफे के ऊपर बने हॉल और कमरों को किराए पर दिया जाता है। इसी हॉल में चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि सभा के दौरान ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों ने यीशु को भगवान से बड़ा बताया और निजी नौकरी दिलाने का वादा कर लोगों से ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा। इस पर सभा में मौजूद हिंदू संगठनों के सदस्यों ने विरोध दर्ज कराया।
विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही हिंदू संगठनों को सभा की जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में कैफे पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने आयोजक सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों—सैफीन, आमीन, उदय और श्रीकांत—को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


