मेघालय 06/02/2026
मेघालय के ताशखाई इलाके में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि खदान के भीतर अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि, देर शाम अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा, जिसे सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
अचानक हुआ धमाका, निकलने का मौका नहीं मिला प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खदान के भीतर काम चल रहा था तभी अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि अंदर मौजूद मजदूर बाहर निकल ही नहीं पाए। कई मजदूर मौके पर ही इसकी चपेट में आ गए।
मृतकों में असम के मजदूर, पहचान की प्रक्रिया जारी प्रशासन का कहना है कि मृतकों में अधिकांश मजदूर असम के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतकों में से एक मजदूर असम के कटिगारा क्षेत्र के बिहारा गांव का निवासी था।
कटिगारा इलाके के नौ मृतकों की पहचान हो चुकी है। वहीं, इस हादसे ने एक ही परिवार को भी उजाड़ दिया है। राजपुर गांव के रहने वाले अनवरा हुसैन और दिलदार हुसैन, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा थे, दोनों की इस हादसे में मौत हो गई।
सुरक्षा घेरे में इलाका, जांच शुरू खदान हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सील कर सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए। अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव या तकनीकी खामी को हादसे की वजह माना जा रहा है।
दुर्घटना पर फिर उठे सवाल इस घटना ने एक बार फिमजदूरों की सुरक्षा और अवैध खनन गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
PMO ने की आर्थिक सहायता की घोषणा कोयला खदान हादसे पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
सरकार ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


