सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: पीएम मोदी ने ‘शौर्य यात्रा’ में हिस्सा लिया, मंदिर में पूजा की
सोमनाथ (गुजरात), 11 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत ‘शौर्य यात्रा’ में भाग लिया और सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। एक्स पर पोस्ट में उन्होंने लिखा, “रोड शो के दौरान शिवभक्तों का जोश अभिभूत करने वाला था। नारीशक्ति की सक्रिय भागीदारी ने वातावरण को गरिमामयी बना दिया।
भारतीय संस्कृति के लिए उनका समर्पण देखकर गद्गद हूं।”पीएम ने कहा कि हमारी सभ्यता कभी पराजित करने की नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित रखने की रही है। 1026 ईस्वी में महमूद गजनी के पहले हमले के 1000 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने टिप्पणी की, “गजनी से औरंगजेब तक आक्रांताओं ने सोमनाथ पर हमले किए, लेकिन वे भूल गए कि ‘सोम’ अर्थात अमृत इसके नाम में जुड़ा है।
हलाहल पीने वाली शिवशक्ति को नष्ट नहीं कर सकते। हमारे पुरखों ने आस्था के लिए जान की बाजी लगाई, और आज सोमनाथ सागर तट पर अटल खड़ा है—उसकी ध्वजा सृष्टि को भारत की शक्ति का संदेश दे रही है।”सोमनाथ पहुंचे पीएम ने आयोजन की तारीफ की: “यहां महादेव और समुद्र की लहरें अद्भुत माहौल बनाती हैं। 72 घंटे का अनवरत ओंकार नाद, मंत्रोच्चार और 1000 ड्रोनों से 1000 वर्षों की गाथा का प्रदर्शन मंत्रमुग्ध करने वाला है। लाखों लोग जुड़े हैं, यह गरिमा, गौरव और अध्यात्म का संगम है।”


