रायपुर /छत्तीसगढ़ _2812/2025
नगर निगम ने लंबे समय से लंबित प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के मामले में बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए राजकुमार कॉलेज से 13 वर्षों का बकाया संपत्ति कर वसूल कर लिया है।
वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक का लंबित टैक्स मिलाकर नगर निगम को कुल 1 करोड़ 64 लाख 77 हजार 568 रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के स्पष्ट निर्देशों के बाद की गई।नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने शहर के सभी 10 जोनों को निर्देशित किया है कि बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर तुरंत डिमांड बिल के साथ नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली की प्रक्रिया को तेज किया जाए।
इसी क्रम में निगम की टीम द्वारा गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा क्षेत्रों में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। जांच के बाद गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। वहीं, अंबुजा मॉल, डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द नोटिस देने की तैयारी चल रही है।
आयुक्त विश्वदीप ने स्पष्ट कहा कि निगम का लक्ष्य 100 प्रतिशत राजस्व वसूली हासिल करना है, ताकि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की वित्तीय बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि राजस्व से जुड़े मामलों में ढिलाई पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस कार्रवाई को बड़े बकायेदारों के लिए एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि टैक्स भुगतान में लापरवाही अब महंगी पड़ेगी।


