अब दुर्ग रेंज के थाना-चौकियों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति साझा करेंगे अपना अनुभव QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक की सुविधा, बालोद में हुआ लॉन्च।
दुर्ग /बेमेतरा/बालोद_ 09/11/2025
दुर्ग रेंज पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से एक नई पहल ‘अनुभव’ की शुरुआत की है। इस अभिनव प्रयास का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को और सशक्त बनाना है। शनिवार, 08 नवम्बर 2025 को पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार कक्ष में इस पहल के तहत QR कोड लॉन्च किया गया। इसके माध्यम से नागरिक अपने अनुभव और सुझाव अब सीधे ऑनलाइन साझा कर सकेंगे।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन और पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया। अब दुर्ग रेंज के सभी थाना-चौकियों में एक-एक QR कोड उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन कर आगंतुक ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भर सकेंगे। इस फॉर्म में कुछ सरल प्रश्न होंगे, जिनके माध्यम से नागरिक पुलिस सेवाओं, व्यवहार और कार्यप्रणाली पर अपनी राय दे सकते हैं। नाम और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रहेगा, जिससे लोग बिना झिझक के अपनी सच्ची प्रतिक्रिया साझा कर सकें।
यह पहल सरगुजा रेंज पुलिस की सफल व्यवस्था से प्रेरित है, जिसे दुर्ग रेंज में और सशक्त रूप में लागू किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने बताया कि — “जनता के अनुभव ही हमारी पुलिसिंग का वास्तविक आईना हैं। ‘अनुभव’ पहल से हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि जनता हमारी सेवाओं से कितनी संतुष्ट है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। हमारा उद्देश्य पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग को और सशक्त बनाना है।”
बेमेतरा जिले में IGP दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन, एसएसपी श्री रामकृष्ण साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में सभी थाना-चौकियों में QR कोड लगाए गए हैं। बालोद पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल द्वारा इस QR कोड को डिज़ाइन किया गया है, जिसे उन्होंने पुलिस सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, सीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा, थाना-चौकी प्रभारी सहित आईजी कार्यालय से डॉ. संकल्प राय, आरक्षक अभिषेक यादव और प्रशांत कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।


