नवादा, बिहार चुनाव | 03 नवंबर 2025(पीआईबी न्यूज)
नवादा में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा में युवाओं का उत्साह और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। जनसैलाब से उत्साहित पीएम मोदी ने कहा:_यहां के युवाओं में जो एनर्जी है, वह सब कुछ कहती है – फिर एक बार NDA सरकार।”
कांग्रेस और RJD पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दोनों ही परिवारवादी पार्टियां हैं —
“एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है, तो दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट।”
पीएम मोदी ने कहा कि महागठबंधन में अब फूट पड़ चुकी है, RJD ने कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद छीन लिया और अब दोनों आपस में लड़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने हंडिया सूर्य मंदिर की पवित्र भूमि को नमन किया और बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह जी को याद करते हुए कहा कि यह धरती इतिहास और वीरता की प्रतीक है। उन्होंने कहा,
“यह मगही पान की धरती है… और मैं तो बनारस का सांसद हूं, मगध और बनारस का रिश्ता आत्मीय है।”
मोदी ने मगध की मिट्टी को लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भोला सिंह जैसे जनसेवकों की कर्मभूमि बताया।
महिलाओं और किसानों की योजनाओं पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि:_मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की चर्चा पूरे देश में हो रही है। बिहार की एक करोड़ तीस लाख बहनों के खाते में दस-दस हजार रुपए पहुंच चुके हैं।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि NDA सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हर कदम पर साथ रहेगी। किसानों के हितों पर उन्होंने कहा कि
“आजादी के बाद की सरकारों ने छोटे किसानों की उपेक्षा की, लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें सम्मान दिया। बिहार के किसानों को अब तक 30 हजार करोड़ रुपये पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिले हैं।”
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि RJD और कांग्रेस सिर्फ दो परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती पार्टियां हैं। उन्होंने महागठबंधन में चल रही कलह का जिक्र करते हुए कहा:_जंगलराज के युवराज को कांग्रेस के युवराज ने पैदल कर दिया है। अब RJD ने कांग्रेस को भी सबक सिखाने की ठान ली है।”


