आंध्रप्रदेश/श्रीकाकाकुलम/काशीबुग्गा_02/11/2025
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा क्षेत्र स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को एकादशी के दिन भारी भगदड़ मच गई, जिसमें नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर परिसर में एकत्रित थे।
डीएसपी (कासीबुग्गा उपमंडल प्रभारी) लक्ष्मण राव ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। लगभग 15 घायल श्रद्धालुओं का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मंदिर एक निजी व्यक्ति द्वारा बनवाया गया है और इसे चार महीने से भी कम समय पहले जनता के लिए खोला गया था। अधिकारियों के अनुसार, यह कोई सरकारी या एंडॉवमेंट विभाग के अधीन पंजीकृत मंदिर नहीं है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस निजी मंदिर के निर्माण या संचालन की जानकारी नहीं दी गई थी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को जल्द से जल्द राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा मृतकों के परिजनों को सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।


