बेमेतरा | 26 अक्टूबर 2025
रविवार रात बेमेतरा शहर में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया। शहर के मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार डिफेंडर कार ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 29 वर्षीय जीवन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।
शहर में आक्रोश और हिंसा का माहौल
हादसे के बाद रात में ही सैकड़ों लोग आक्रोशित होकर कार मालिक—स्थानीय कपड़ा व्यापारी बंटी मालक सिंह—के घर के बाहर जुट गए। भीड़ ने वहां तोड़फोड़ कर दी, जिससे घर के शीशे फूट गए। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस बल तैनात किया गया और शहर को देर रात से ही छावनी में बदल दिया गया। सोमवार सुबह बेमेतरा में बंद का असर साफ दिखा—रायपुर रोड, दुर्ग रोड, सदर बाजार, कवर्धा रोड समेत कई इलाके पूरी तरह बंद रहे।
वर्तमान विधायक दीपेश साहू ने सोशल मीडिया पर कहा, “यह अत्यंत निंदनीय व दर्दनाक हादसा है। जिला अस्पताल जाकर घायलों से मिला हूँ। दोषी चाहे जो भी हो, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”*
उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भी इस घटना को “निर्दोषों की असमय मौत” बताते हुए दुख जताया और कहा कि “कानून से ऊपर कोई नहीं, दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। न्याय ही पीड़ित परिवार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”घायलों में शामिल हैं —
कविता साहू (19), सुशीला साहू (50), माखन साहू (70, रायपुर रेफर), दीपेश साहू (15, रायपुर रेफर), हिमांशी साहू (8), रेवती साहू (48), शेष नारायण सिंह (60) और टिकेश्वर साहू (25)।


