79वें स्वतंत्रता दिवस पर वीर सपूतों को किया नमन, एकजुट भारत के निर्माण का आह्वान
बेमेतरा, 15 अगस्त 2025 | जनचौपाल36
देशभर के साथ बेमेतरा में भी 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक माननीय दीपेश साहू ने नगर के विभिन्न स्थानों—अपने निवास कार्यालय, कचहरी पारा, भारत माता चौक, श्रीराम एकेडमी, सरस्वती शिशु मंदिर, भाजपा कार्यालय सहित अन्य जगहों पर ध्वजारोहण किया।
“स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं” — विधायक साहू
समारोह में विधायक साहू ने कहा—
“स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का अवसर नहीं, बल्कि यह हमारे उन बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता का दिन है जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
हमें उनके सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा—
“जहाँ शिक्षा, समान अवसर, विकास और समरसता हो।”
उन्होंने यह भी कहा कि आज हर नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और देशहित में करेंगे।
“स्वतंत्र भारत के गौरव को अक्षुण्ण रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
नगर में देशभक्ति का माहौल
ध्वजारोहण कार्यक्रमों में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ललिता साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश तिवारी, सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे और नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा बेमेतरा
विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से वातावरण गूंज उठा।
जनचौपाल36 की विशेष रिपोर्ट


