अब तक 4 की मौत, कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका | हेलिकॉप्टर से राहत-बचाव का अनुरोध | स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे भी बाधित
उत्तरकाशी/देहरादून, 5 अगस्त 2025।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। सबसे ज़्यादा नुकसान धराली गांव में हुआ है, जहां खीरगंगा में आई बाढ़ ने पूरे धराली बाजार को तबाह कर दिया। कई होटल, दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
बाढ़ के तेज बहाव से गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई होटलों में पानी और मलबा भर गया है। आर्मी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर पहुंच रही हैं।
इसी दौरान बड़कोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में भारी बारिश के कारण कुड गदेरे में उफान आ गया, जिससे करीब 18 बकरियां बह गईं।
सीएम धामी ने जताया दुख, युद्ध स्तर पर राहत कार्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी की इस आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। सरकार केंद्र से संपर्क में है और दो एमआई तथा एक चिनूक हेलिकॉप्टर की मांग की गई है ताकि दुर्गम क्षेत्रों में राहत कार्य तेज हो सके।
भूस्खलन और सड़कों को भारी नुकसान, हाईवे बंद
लगातार बारिश से जनपद की सड़कें भी प्रभावित हैं। यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास करीब 25 मीटर धंस गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। गंगोत्री हाईवे भी कई जगहों पर अवरुद्ध रहा। ओजरी, डाबरकोट और स्यानाचट्टी के पास भारी मलबा और बोल्डर गिरने से आवाजाही ठप हो गई है।
स्कूल बंद, बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, खासकर पर्वतीय जिलों में। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में एहतियातन स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।


