15 अगस्त को होगा हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, आजादी के पर्व के संग
रायपुर/कवर्धा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ कार्यक्रम का आयोजन 2 से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में होगा। इस अभियान का उद्देश्य हर भारतीय नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है, जिससे देशभक्ति की भावना मजबूत हो और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़े।
तीन चरणों में होगा आयोजन
प्रथम चरण (02-08 अगस्त): विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा आर्ट सजावट
रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा राखी निर्माण, प्रश्नोत्तरी, पत्र लेखन प्रतियोगिता
तिरंगे की बुनाई प्रदर्शन
द्वितीय चरण (09-12 अगस्त): तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट
देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम
तिरंगा रैली, बाइक और साइकिल रैली
तृतीय चरण (13-15 अगस्त): शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, बांधों, पुलों पर तिरंगा फहराना और रोशनी
स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां
जनभागीदारी पर जोर
कार्यक्रम में शासकीय संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, कॉर्पोरेट और निजी संगठनों को सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है। तिरंगे के निर्माण और वितरण में स्थानीय स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जाएगा। डाकघर और उचित मूल्य की दुकानें तिरंगे के बिक्री-केंद्र के रूप में कार्य करेंगी।
प्रचार-प्रसार और जागरूकता
पंपलेट, बैनर, स्टैंडीज़ और स्थानीय भाषाओं में प्रचार
सोशल मीडिया और वेबसाइट www.harghartiranga.com से गतिविधियों को लिंक किया जाएगा
टोल नाके और चेक पोस्ट पर पंपलेट व स्टीकर वितरण
यह अभियान स्वतंत्रता के साथ स्वच्छता और जल संरक्षण के संकल्प को भी आगे बढ़ाएगा, जिसमें गांव से लेकर शहर तक हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


