36.3 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

तमिलनाडु को 4800 करोड़ की सौगात: थूथुकुडी से विकास की नई उड़ान, पीएम मोदी ने गिनाई विरासत और भविष्य की दिशा

Must read

थूथुकुडी (तमिलनाडु), 27 जुलाई। स्त्रोत (PIB)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु के ऐतिहासिक तटीय शहर थूथुकुडी में 4800 करोड़ रुपये से अधिक की बहु-क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए राज्य की आर्थिक, ऐतिहासिक और रणनीतिक भूमिका को रेखांकित किया। इन परियोजनाओं में हवाई अड्डा, बंदरगाह, राजमार्ग, रेलवे और हरित ऊर्जा से जुड़ी अनेक योजनाएँ शामिल हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस की स्मृति में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा,
जब हम विकास की बात करते हैं, तो हमें उन रणबांकुरों को नहीं भूलना चाहिए, जिनकी वीरता के कारण ही आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ राष्ट्र है।”

प्रधानमंत्री ने ₹450 करोड़ की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया, जिसकी सालाना यात्री क्षमता अब 3 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने थूथुकुडी पोर्ट, रेलवे लाइनें, और नेशनल हाईवे के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
पीएम मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ में तमिलनाडु की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राज्य इंडिया-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के संदर्भ में MSMEs और युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा,
पिछले 11 वर्षों में हमने इन्फ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर में जो निवेश किया है, वह तमिलनाडु के प्रति हमारी प्राथमिकता का प्रमाण है।”

विरासत की बात, आत्मनिर्भर भारत की राह

पीएम मोदी ने थूथुकुडी की ऐतिहासिक पहचान पर प्रकाश डालते हुए वी. ओ. चिदंबरम पिल्लई और सुब्रमण्यम भारती जैसे स्वाधीनता सेनानियों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि यही वह धरती है जहां स्वदेशी जहाज निर्माण के ज़रिए औपनिवेशिक शासन को चुनौती दी गई थी।
उन्होंने थूथुकुडी के विश्व प्रसिद्ध मोती उद्योग का ज़िक्र करते हुए बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष बिल गेट्स को थूथुकुडी के मोती उपहारस्वरूप दिए थे, जिन्हें उन्होंने बहुत पसंद किया। यह टिप्पणी ना सिर्फ स्थानीय गौरव को उजागर करती है, बल्कि वैश्विक पहचान की ओर इशारा भी करती है।
चुनावी पृष्ठभूमि में खास मायने
राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव संभावित हैं और ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा विकास और राजनीति के संगम के रूप में देखी जा रही है। तमिलनाडु में भाजपा की पकड़ बढ़ाने के प्रयासों के बीच यह दौरा जनसंवाद और जनविश्वास निर्माण की एक बड़ी रणनीति माना जा रहा है।


- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article