जनचौपाल36.कॉम
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने किया स्थल निरीक्षण, दी आवश्यक निर्देश
बेमेतरा, 21 जुलाई 2025:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आगामी 28 जुलाई को नगर पंचायत दाढ़ी में प्रस्तावित हितग्राही सम्मेलन कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में जिला कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य मंच निर्माण, हितग्राही दीर्घा, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी बैठक, विभागीय स्टॉल, आवागमन व्यवस्था, एवं आपात सेवाओं से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए ताकि हितग्राहियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समन्वयपूर्वक कार्य करें और समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:
- मुख्यमंत्री विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत लाभान्वित हितग्राहियों से भेंट करेंगे।
- हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और उनके जीवन में आए बदलावों के अनुभव जानेंगे।
- जिले में पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों का भूमि पूजन भी प्रस्तावित है।
यह सम्मेलन न केवल शासन की योजनाओं के सार्थक क्रियान्वयन की झलक देगा, बल्कि आमजन से संवाद का भी एक सशक्त माध्यम बनेगा। जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के साथ यह आयोजन जिले के लिए गौरव का क्षण होगा।


