जनप्रतिनिधियों को मिलेगा संगठनात्मक मार्गदर्शन कुछ ही देर में
मैनपाट/सरगुजा | 7 जुलाई 2025
भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय “सांसद-विधायक प्रशिक्षण शिविर” आज से सरगुजा के सुरम्य मैनपाट क्षेत्र में प्रारंभ हो गया है। इस विशेष आयोजन का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा के कर-कमलों से संपन्न होगा। इस अवसर पर पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी श्री नितिन नबीन, वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी अजय जाम्बवाल, पवन साय, सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
7 से 9 जुलाई तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ के सभी भाजपा विधायक, सांसद और मंत्रीगण भाग ले रहे हैं। यह शिविर संगठनात्मक एकता, प्रभावशाली जनसंपर्क, और राज्य व केंद्र सरकार के मध्य समन्वय पर आधारित है।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह प्रशिक्षण शिविर संगठन और सरकार के बीच प्रभावी तालमेल, जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली में और अधिक दक्षता लाना, जनता के बीच भाजपा की भूमिका को मजबूत करना, तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं के जमीन पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने जैसे अहम विषयों पर केंद्रित है।
वरिष्ठजनों से मार्गदर्शन
शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा विधायकों एवं सांसदों को संगठन की विचारधारा, जनता से जुड़ाव, संवाद कौशल, मीडिया प्रबंधन, और सकारात्मक राजनीतिक व्यवहार जैसे पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण आगामी दिनों में जनसेवा और सुशासन को और अधिक सुदृढ़ करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भविष्य की रणनीति का रोडमैप
यह शिविर छत्तीसगढ़ में हाल ही में भाजपा सरकार के गठन के बाद की पहली बड़ी संगठनात्मक पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़कर जनहित में समन्वित कार्य करना है।
जन_चौपाल 36 डॉट कॉम विशेष रिपोर्ट | Deepak Pandey


