NMDC की खनन गतिविधियों पर सवाल, जंगल में 3 किलोमीटर तक फैला मलबा; वन विभाग केस दर्ज करने की तैयारी में

Must read

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में खनन कार्य के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। बैलाडीला क्षेत्र में लौह अयस्क का खनन करने वाली सरकारी कंपनी NMDC (नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन) के खिलाफ वन विभाग कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि कंपनी की खनन गतिविधियों से निकला मलबा निर्धारित क्षेत्र से बाहर फैलकर जंगल तक पहुंच गया, जिससे बड़ी संख्या में पेड़-पौधों को नुकसान होने की आशंका है।

डिपॉजिट नंबर-14 में खुदाई के बाद जंगल तक पहुंचा मलबा

मामला बैलाडीला स्थित डिपॉजिट नंबर-14 का है। यहां खनन के दौरान निकला अनुपयोगी मलबा तय स्थान से बाहर निकलकर धीरे-धीरे नीचे की ओर खिसकता हुआ सुरक्षित वन क्षेत्र में पहुंच गया। वन विभाग के मुताबिक, मलबे ने निर्धारित सीमा पार कर ली है, जो नियमों के उल्लंघन का मामला हो सकता है।

शुरुआत में कंपनी की ओर से मलबे के सीमित दूरी तक फैलने की बात कही गई थी। लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब माप की, तो स्थिति इससे काफी अलग मिली। विभाग के अनुसार, मलबा करीब तीन किलोमीटर लंबी पट्टी में फैल चुका है और इसकी चौड़ाई भी काफी अधिक है। बताया गया है कि मलबे का खिसकना अब तक पूरी तरह बंद नहीं हुआ है।

ठेकेदार के जरिए कराया जा रहा था मलबा डालने का काम

जानकारी के मुताबिक, NMDC ने मलबा डालने का काम एक बड़ी ठेकेदार कंपनी को सौंपा था। आरोप है कि संबंधित कंपनी आगे किसी छोटे ठेकेदार से यह काम करा रही थी। हालांकि, इस मामले में वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मलबा स्थिर होने के बाद होगी पेड़ों और नुकसान की गिनती

वन विभाग का कहना है कि जब तक मलबे का खिसकना पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक प्रभावित क्षेत्र में जाकर नुकसान का आकलन करना जोखिम भरा है। मलबा स्थिर होने के बाद वन क्षेत्र में पेड़ों की गिनती कराई जाएगी। इसके आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि कितने पेड़ प्रभावित हुए हैं और पर्यावरण को कितना नुकसान पहुंचा है।

विभाग के अनुसार, नुकसान का पूरा आकलन होने के बाद ही औपचारिक रूप से केस दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल मलबे को पूरी तरह रोकने और प्रभावित वन क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article