रायपुर, 21 नवंबर 2026
खबर जन चौपाल 36 में बड़ी खबर मेहनत की मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को आखिरकार अपने घर की राह मिल गई। सोलापुर में बंधक जैसी हालत में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग का काम कर रहे इन श्रमिकों को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुक्त कराकर सकुशल वापस पहुंचाया।
इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक 20 नवंबर को अपने गृह ग्राम लौटे।
भरोसा देकर ले गए, फिर शुरू हुआ शोषण
मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत उलखर का है। एक व्यक्ति ने रोजगार, नियमित मजदूरी, खाना, रहने और बीमारी में इलाज का भरोसा देकर श्रमिकों को महाराष्ट्र ले गया था।
वहां पहुंचने पर वादे टूट गए। श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था। साप्ताहिक मजदूरी नहीं मिल रही थी। पर्याप्त राशन नहीं दिया जा रहा था। बीमार होने पर भी काम कराया जा रहा था। मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायत भी सामने आई।
परेशान एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर अपने परिवार के 16 सदस्यों सहित सभी को बकाया मजदूरी के साथ सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई।
कलेक्टर ने दिखाई तत्परता
शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम में श्रम निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक शामिल थे।
टीम सोलापुर पहुंची। जांच में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के श्रमिक अपनों के बीच लौटे तो परिवारों में खुशियां लौट आईं। श्रमिकों और परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
प्रशासन की अपील – बिना जानकारी के बाहर न जाएं
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्य में काम पर जाने से पहले ठेकेदार, बिचौलिए और कार्यस्थल की पूरी जानकारी जरूर लें।
रोजगार के नाम पर दिए जाने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें। श्रम विभाग में पंजीयन कराएं। मजदूरी न मिलने, दुर्व्यवहार, शोषण या बंधक बनाए जाने की स्थिति में तुरंत श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
बंधक बने 40 श्रमिकों की घर वापसी से जेठौनी में लौटी खुशहाली
