21.1 C
Raipur
Sunday, November 1, 2026

नवा रायपुर में आज से तीन दिवसीय राज्योत्सव, 40 हजार वाहनों की पार्किंग और 25 एंबुलेंस तैनात

Must read

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन शुरू हो रहा है। इस वर्ष समारोह की थीम सशक्त नारी-युवा उड़ान रखी गई है। कार्यक्रम में प्रदेश की लोकसंस्कृति, देशभर के शिल्पकारों की कला, बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां और भारतीय वायुसेना के हवाई करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार भी दिए जाएंगे।राज्योत्सव का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। वहीं, समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है। आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के साथ राज्य की विकास यात्रा और भावी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

26 विभागों की प्रदर्शनियां, शिल्पकारों की कला भी दिखेगी

आयोजन स्थल पर देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने आकर्षक सजावट और पंडाल तैयार किए है। यहां करीब 26 सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जाएगी।राज्योत्सव की थीम के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों के हस्तनिर्मित उत्पाद और कलाकृतियां भी लोगों को देखने को मिलेंगी।

40 हजार वाहनों के लिए पार्किंग, छह रास्तों से पहुंचेंगे दर्शक

बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार की है। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह मार्ग तय किए गए है। आसपास करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों के प्रवेश के लिए दो द्वार निर्धारित किए गए है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके।पार्किंग क्षेत्रों से मुख्य आयोजन स्थल तक लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की भी योजना बनाई गई है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एक साथ वाहनों के बाहर निकलने से यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में निर्धारित रास्तों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करना जरूरी रहेगा।

300 शौचालय, 60 एलईडी स्क्रीन और विशाल डोम में बैठने की सुविधा

दर्शकों की सहूलियत के लिए आयोजन स्थल पर करीब 300 शौचालय बनाए गए है। स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और रोशनी के इंतजाम भी किए गए है। विशाल डोम में बैठने की विशेष व्यवस्था रहेगी। मुख्य मंच से दूर मौजूद दर्शक भी कार्यक्रम देख सके, इसके लिए करीब 60 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

20 बिस्तरों का अस्थायी अस्पताल और 25 एंबुलेंस तैयार

स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर 20 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। यहां आईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा 25 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज को तत्काल उपचार मिल सके और अस्पताल पहुंचाया जा सके।आगजनी या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी। बिजली व्यवस्था, मंच और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

सारंग और सूर्यकिरण टीम के हवाई करतब होंगे खास

इस बार राज्योत्सव का सबसे रोमांचक आकर्षण भारतीय वायुसेना का एयर शो रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 और 2 नवंबर को सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम आसमान में करतब दिखाएंगी। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर रायपुर में अभ्यास कर चुके है।सेंध लेक क्षेत्र में प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान नौ विमानों से करीब 40 मिनट तक फॉर्मेशन फ्लाइंग और अन्य हवाई करतब दिखाए जाने की जानकारी दी गई है। इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिहाज से निर्धारित क्षेत्र और प्रवेश संबंधी निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा।

पलक मुच्छाल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुतियां भी होंगी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनके साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। लोकगीत, लोकनृत्य और जनजातीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की परंपराओं को सामने लाया जाएगा।

41 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण और पुरस्कार

राज्योत्सव के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाली हस्तियों को कुल 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन सम्मानों के जरिए प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।छत्तीसगढ़ के गठन के 26 वर्ष पूरे होने पर आयोजित यह समारोह केवल सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों, विकास की प्राथमिकताओं और भविष्य की उम्मीदों को सामने रखने का अवसर भी बनेगा। अगले तीन दिनों तक नवा रायपुर में कला, संस्कृति, सम्मान और रोमांचक एयर शो का विशेष संगम देखने को मिलेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article