24.1 C
Raipur
Friday, October 23, 2026

बारगांव (बेमेतरा)के तीन होनहार हॉकी खिलाड़ियों का ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए चयन, वाराणसी में दिखाएंगे खेल का दम

Must read

बेमेतरा। 23 अक्टूबर 2026

जिले के बेरला विकासखंड अंतर्गत ग्राम बारगांव के तीन प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ियों का चयन ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी (पुरुष) प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में देवेन्द्र यादव, तुषार यादव और विजय विश्वकर्मा शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), बेमेतरा में अध्ययनरत हैं। ये खिलाड़ी हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बारगांव सहित पूरे बेमेतरा जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। विशेष बात यह है कि इन खिलाड़ियों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बारगांव में पदस्थ व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारा है। उनके निरंतर प्रशिक्षण, अनुशासन और कड़ी मेहनत ने खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बनाई जगह

राजनांदगांव में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय चयन ट्रायल में तीनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अपने खेल कौशल, बेहतर तालमेल और मैदान पर प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की हॉकी टीम में जगह बनाने में सफलता हासिल की। अब तीनों खिलाड़ियों के सामने पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी हासिल कर चुके हैं उपलब्धियां

चयनित खिलाड़ियों का पूर्व प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है। देवेन्द्र यादव ने वर्ष 2025 में संबलपुर, ओडिशा में आयोजित विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में तथा वर्ष 2024 में जालंधर, पंजाब में आयोजित 67वीं नेशनल स्कूल गेम्स में प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2023 में राजनांदगांव में आयोजित 23वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता था।

वहीं, तुषार यादव ने वर्ष 2025 में राजनांदगांव में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले वर्ष 2023 में बिलासपुर में आयोजित 23वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता था।

इसी क्रम में विजय विश्वकर्मा ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए वर्ष 2025 में राजनांदगांव में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता था। इसके पूर्व वर्ष 2023 में बिलासपुर में आयोजित 23वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में उन्होंने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया था। तीनों खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां उनकी निरंतर मेहनत, खेल के प्रति समर्पण और बेहतर प्रदर्शन की गवाही देती हैं।

BHU वाराणसी में देश के पूर्वी क्षेत्र की टीमों से होगा मुकाबला

ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी में किया जाएगा। 27 से 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की ओर से खेलना तीनों खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर होगा। जिले के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बेमेतरा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

कोच तुलसी साहू ने बताया मेहनत और अनुशासन का परिणाम

खिलाड़ियों की सफलता पर व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बारगांव के खेल मैदान और पूरे बेमेतरा जिले के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण है। तीनों खिलाड़ियों ने मैदान पर कड़ी मेहनत की है और अनुशासन के साथ लगातार अभ्यास किया है। उनकी इसी लगन का परिणाम है कि उन्हें विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी दुर्ग विश्वविद्यालय की ओर से खेलते हुए वाराणसी में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और क्षेत्र, जिले तथा छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।

महाविद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शासकीय पीजी कॉलेज, बेमेतरा के प्राचार्य डी. आर. साहू एवं क्रीड़ा अधिकारी दुर्गा प्रसाद जंघेल ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों के चयन को जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा भी हॉकी सहित विभिन्न खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित होंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article