22.5 C
Raipur
Monday, October 19, 2026

बेमेतरा में राष्ट्रीय बाइक रैली का भव्य स्वागत, “नशामुक्त भारत, सशक्त भारत” का दिया संदेश

Must read

बेमेतरा, 18 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में “FIGHT AGAINST DRUGS” थीम पर निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली रविवार को बेमेतरा पहुंची। भारत माता चौक पर पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) और नगरपालिका टीम ने रैली का आत्मीय स्वागत किया।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली मुख्य परेड में शामिल होने के लिए यह रैली देशभर में निकाली जा रही है। इस वर्ष पहली बार आयोजित इस रैली का उद्देश्य “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “नशामुक्त भारत, सशक्त भारत” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंची यह रैली रायपुर से सिमगा होते हुए बेमेतरा-सिमगा सीमा पर पहुंची, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव ने जिले में प्रवेश कराया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए रैली भारत माता चौक पहुंची, जहां स्कूली छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों ने बाइक राइडर्स का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में एसपी त्रिलोक बंसल और नगरपालिका अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर रैली को कबीरधाम जिले की सीमा की ओर रवाना किया। इस अवसर पर एसपी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “नशा करना ही है, तो जिम्मेदारी और कर्तव्यों के प्रति समर्पण का नशा करें; नशे को कहें ‘ना’।” उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक रूप से भी परिवार को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।

रैली का नेतृत्व ओडिशा पुलिस दल के निरीक्षक समर सिंह, विकास किशोर प्रधान तथा छत्तीसगढ़ पुलिस दल के रवींद्र गिरी कर रहे हैं। कार्यक्रम में लगभग 350 से 400 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए।

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना पुलिस को दें।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article