WhatsApp यूजर्स के लिए जल्द ही एक नया फीचर आ सकता है, जिसकी मदद से मैसेज भेजने के लिए बार-बार फोन खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कंपनी शेड्यूल्ड मैसेज फीचर की टेस्टिंग कर रही है. इसके जरिए यूजर्स किसी मैसेज को पहले से लिखकर उसकी तारीख और समय तय कर सकेंगे. निर्धारित समय आने पर मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल यह सुविधा कुछ एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है. आने वाले समय में इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है.
कैसे काम करेगा WhatsApp का शेड्यूल्ड मैसेज फीचर?
WhatsApp के नए फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह सुविधा एंड्रॉयड के बीटा वर्जन 2.26.40.7 में देखी गई है. इसके जरिए यूजर्स व्यक्तिगत चैट और ग्रुप में भेजे जाने वाले मैसेज का समय पहले ही तय कर सकेंगे.मैसेज लिखने के बाद यूजर को शेड्यूलिंग का विकल्प चुनना होगा. इसके बाद तारीख और समय निर्धारित किया जा सकेगा. तय समय पर मैसेज अपने आप भेजने की व्यवस्था होगी. इससे जन्मदिन की शुभकामनाएं, जरूरी रिमाइंडर या पहले से तैयार संदेश सही समय पर भेजना आसान हो सकता है.
फोटो, वीडियो और लिंक भी कर सकेंगे शेड्यूल
रिपोर्ट के मुताबिक, इस फीचर का इस्तेमाल केवल टेक्स्ट मैसेज तक सीमित नहीं रहेगा. यूजर्स लिंक, फोटो और वीडियो भी पहले से शेड्यूल कर सकेंगे. मीडिया फाइल भेजने से पहले उसमें बदलाव करने, फोटो पर ड्रॉ करने और कैप्शन जोड़ने जैसे विकल्प भी मिल सकते है.हालांकि, एक बार में केवल एक फोटो या वीडियो शेड्यूल करने की सुविधा मिलने की जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट में मैसेज को 10 मिनट से लेकर दो सप्ताह तक की अवधि के लिए शेड्यूल करने का भी जिक्र है. फीचर के अंतिम संस्करण में ये विकल्प बदल सकते है.
फोन ऑफलाइन होने पर भी भेजा जाएगा मैसेज?
इस फीचर को लेकर दावा किया जा रहा है कि निर्धारित समय पर मैसेज भेजने के लिए फोन का ऑनलाइन रहना जरूरी नहीं होगा. हालांकि, यह सुविधा किस तरह काम करेगी और किन परिस्थितियों में मैसेज भेजा जाएगा, इसकी पूरी जानकारी आधिकारिक लॉन्च के बाद ही स्पष्ट होगी.
किन यूजर्स को मिलेगा नया फीचर?
फिलहाल WhatsApp इस फीचर की टेस्टिंग चुनिंदा एंड्रॉयड बीटा यूजर्स के साथ कर रहा है. बीटा प्रोग्राम के जरिए कुछ लोगों को नए फीचर्स पहले आजमाने का मौका मिलता है. टेस्टिंग सफल रहने पर कंपनी इसे दूसरे यूजर्स के लिए भी जारी कर सकती है.रिपोर्ट में इस फीचर के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का भी उल्लेख किया गया है. हालांकि, WhatsApp ने अभी तक इसके व्यापक लॉन्च की तारीख घोषित नहीं की है. इसलिए सभी यूजर्स को यह सुविधा कब तक मिलेगी, इस बारे में फिलहाल निश्चित जानकारी उपलब्ध नहीं है.


