25.1 C
Raipur
Saturday, October 10, 2026

 नाना पाटेकर का निधन, 75 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Must read

मुंबई। हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह बेहोश पाए गए। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सामने आई जानकारी के मुताबिक करीब 5 बजकर 20 मिनट पर उन्हें मृत घोषित किया गया।

45 मिनट तक डॉक्टरों ने की बचाने की कोशिश

नाना पाटेकर को अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया। हालांकि, लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। मामले को मेडिको लीगल केस के तौर पर दर्ज किया गया है और मौत की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।

चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में बनाई अलग पहचान

नाना पाटेकर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1978 में आई फिल्म गमन से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में कई यादगार किरदार निभाए। प्रहार, परिंदा, क्रांतिवीर, तिरंगा, खामोशी और अब तक छप्पन जैसी फिल्मों में उनके दमदार अभिनय ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

गंभीर और प्रभावशाली भूमिकाओं के साथ नाना पाटेकर ने कॉमेडी में भी अपनी खास छाप छोड़ी। वेलकम में उदय शेट्टी के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच एक अलग अंदाज में लोकप्रिय बनाया।

तीन बार मिला नेशनल फिल्म अवॉर्ड

नाना पाटेकर के अभिनय को राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बार सम्मान मिला। फिल्म परिंदा के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला। इसके बाद क्रांतिवीर में शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। अग्निसाक्षी के लिए भी उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला।भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने 2013 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।

सिनेमा के एक अलग अंदाज वाले कलाकार को विदाई

नाना पाटेकर अपनी तीखी संवाद अदायगी, मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस और किरदारों में जान डाल देने वाली अभिनय शैली के लिए लंबे समय तक याद किए जाएंगे। हिंदी और मराठी फिल्मों में उन्होंने ऐसे कई किरदार निभाए, जिन्हें दर्शकों ने बेहद पसंद किया। उनके निधन से भारतीय फिल्म जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसकी अभिनय शैली और पर्दे पर मौजूदगी की अपनी अलग पहचान थी।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article