विकास उपाध्याय बोले- “NDA के सहयोगी अपनी राह तलाश रहे हैं”।
रायपुर – 05 अक्टूबर 2026
केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के रायपुर दौरे में छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने के संकेत देने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। चिराग ने रविवार को रायपुर में कहा था कि पार्टी छत्तीसगढ़ में अपनी राज्य इकाई का गठन कर संगठन विस्तार करेगी और आने वाले चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
इस पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने BJP की गठबंधन रणनीति पर सवाल उठाए हैं।
विकास उपाध्याय ने कहा: “चिराग पासवान केंद्र में BJP के सहयोगी हैं, लेकिन अब उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में भी चुनाव लड़ने की बात कह रही है। इससे साफ है कि NDA के भीतर सीटों और राजनीतिक रणनीति को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं।” “पंजाब में भी LJP (रामविलास) ने विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा की है। अब छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने की बात सामने आना BJP के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संकेत है।”
“BJP को पहले अपने गठबंधन और सहयोगी दलों के साथ संबंधों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आज सहयोगी दल अलग-अलग राज्यों में अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। जनता अब सवाल पूछ रही है कि आखिर BJP के सहयोगी दलों को अलग-अलग राज्यों में अपनी राह क्यों तलाशनी पड़ रही है? BJP को इसका जवाब देना चाहिए।”
गौरतलब है कि चिराग पासवान ने रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा था कि छत्तीसगढ़ उन राज्यों में है जहां उनके पिता स्व. रामविलास पासवान के समर्थक बड़ी संख्या में हैं, इसी जनाधार पर पार्टी अपनी जमीन तलाशेगी।
सवाल यह है एनडीए कई दलों का समूह है। एलजीपी जैसे अन्य दल भी अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे तो एनडीए मतलब मुख्य धड़ा,बीजेपी में, दरार पैदा होने की संभावना से इनकार कैसे किया जा सकता है?!