21.8 C
Raipur
Sunday, October 4, 2026

आधी रात खण्डसरा पुलिस चौकी पहुंचे एसपी, लंबित मामलों के निपटारे और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश

Must read

बेमेतरा, 03 अक्टूबर 2026

पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने देर रात अचानक पुलिस चौकी खण्डसरा पहुंचकर चौकी की व्यवस्थाओं एवं पुलिस ड्यूटी का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैद पाए गए। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सदैव सतर्क एवं सुरक्षित रहकर ड्यूटी करने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभिलेखों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी के अभिलेख, जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टर, लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों एवं जब्ती माल की समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि “अनुशासन ही पुलिस व्यवस्था की बुनियाद है।” इसलिए ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामील सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विवेचना कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए 60 से 90 दिनों के भीतर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया।

रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश
एसपी ने रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने, लगातार रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग एवं कॉम्बिंग गश्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रात्रि के समय किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित करे। चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

ढाबा-होटल चेकिंग
इसके अलावा एसपी ने रात्रि के समय ढाबों एवं होटलों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां अवैध शराब की बिक्री अथवा शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने दी जाए।

उपस्थित
इस दौरान पुलिस चौकी प्रभारी खण्डसरा सहायक उप निरीक्षक कंवल सिंह नेताम, शशांक शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article