29.1 C
Raipur
Saturday, October 3, 2026

बस्तर की बाढ़ से हुए नुकसान के लिए सांसद महेश कश्यप की बड़ी मांग, केंद्र से 500 करोड़ के राहत पैकेज की अपील

Must read

 बस्तर : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में हालिया भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्र सरकार के सामने विशेष राहत पैकेज की मांग रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री को पत्र भेजकर बस्तर, सुकमा और बीजापुर के प्रभावित क्षेत्रों के लिए कुल 500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की है।सांसद ने पत्र में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत देने के साथ भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए स्थायी उपाय किए जाने की जरूरत भी बताई है।

बस्तर के लिए 300 करोड़ और सुकमा-बीजापुर के लिए 100-100 करोड़ की मांग

महेश कश्यप ने प्रस्तावित राहत पैकेज में बस्तर जिले के लिए 300 करोड़ रुपये देने की मांग की है। वहीं सुकमा और बीजापुर के लिए 100-100 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज मांगा गया है।इस राशि के जरिए बाढ़ प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई करने पर जोर दिया गया है। सांसद ने फसलों, मकानों और मवेशियों को हुए नुकसान के लिए प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई है।

जोरानाला और इंद्रावती को लेकर स्थायी समाधान की मांग

सांसद ने बाढ़ की समस्या को केवल तत्काल राहत तक सीमित रखने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने की जरूरत बताई है। इसके तहत जोरानाला की नए सिरे से हाइड्रोलॉजिकल स्टडी कराने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की मांग की गई है।इसके अलावा इंद्रावती नदी में ड्रेजिंग कराने का सुझाव दिया गया है। जगदलपुर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की जरूरत भी पत्र के माध्यम से सामने रखी गई है, ताकि भविष्य में भारी बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में केंद्रीय टीम भेजने का आग्रह

महेश कश्यप ने केंद्र सरकार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम भेजने का आग्रह भी किया है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और आगे की कार्ययोजना तैयार करने में इससे मदद मिल सकती है।

सीएम साय भी बाढ़ प्रभावित परिवारों से कर चुके हैं मुलाकात

बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं।इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया था कि संकट की स्थिति में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article